संवाददाता गंगेश पाठक

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा अब तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। जिस प्रकार हिटलर ने अपने कार्यकर्ताओं को पुलिस की वर्दी पहनाकर ट्रूपर्स बना दिए थे, उसी प्रकार मुख्यमंत्री ने अपनी सेनाएं बना रखी हैं, जो उनके इशारों पर काम करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रही घटनाएं सरकार के इशारे पर हो रही हैं।

शुक्रवार को अलीगढ़ में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि राज्यसभा सांसद श्री रामजी लाल सुमन के वक्तव्य को राज्यसभा के रिकॉर्ड से हटा दिया गया, और जब कोई बात रिकॉर्ड से हटा दी जाती है तो उसका कोई औचित्य नहीं बचता, लेकिन भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन नहीं करती।

श्री यादव ने कहा कि हमारा देश विभिन्न जातियों और धर्मों से बना है। हम जितना एक-दूसरे को समझेंगे, गले मिलेंगे और खुशियों के साथ त्योहार मनाएंगे, उतना ही समाज मजबूत होगा और देश तरक्की करेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। हर जिले में महिलाओं, बहनों और बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं हो रही हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं। बीएचयू में एक छात्रा के साथ बलात्कार की जो घटना हुई, उसमें शामिल लोग भाजपा से जुड़े हुए थे। ऐसे में भाजपा का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा महज एक छलावा है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट जैसे मूलभूत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए समाज को बांटने वाली नीतियां अपनाई जा रही हैं। भाजपा हर मोर्चे पर विफल रही है, और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए नफरत का रास्ता अपना रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है। गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है। सरकार में बैठे लोग संविधान और लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं ताकि उन्हें दबाया जा सके। समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है क्योंकि संविधान ही सबके अधिकारों की ढाल है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, नौजवान, व्यापारी सभी परेशान हैं। जीएसटी और अन्य फैसलों से व्यापार और कारोबार चौपट हो गया है। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री शिवपाल सिंह यादव भी मौजूद रहे।

Translate »