
हर समस्या का समाधान और सुविधाएं दिलाने का वादा: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
संवाददाता: गंगेश पाठक
लखनऊ, 23 दिसंबर। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने कैंप कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आए सैकड़ों फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हर व्यक्ति की हर समस्या का हर संभव समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए और संबंधित की जवाबदेही तय हो।
श्री मौर्य ने कहा, “उत्पीड़न, भूमि पर अवैध कब्जों और अन्य गंभीर मामलों को संवेदनशीलता के साथ हल किया जाए। जहां आवश्यकता हो, कठोर कार्रवाई की जाए।” उन्होंने निर्देश दिए कि समस्याग्रस्त व्यक्तियों को बार-बार भटकना न पड़े और समाधान ऐसा हो कि वे पूरी तरह से संतुष्ट रहें।
जनता दर्शन में उप मुख्यमंत्री ने हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और तुरंत संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद, अतिक्रमण, सड़क, विद्युत और अन्य समस्याओं पर हुई चर्चा
जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, विद्युत, उत्पीड़न और अभियुक्तों की गिरफ्तारी से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं। श्री मौर्य ने जमीन संबंधी अधिकांश मामलों में जिलाधिकारियों को राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर समाधान कराने के निर्देश दिए।
कई जिलों के अधिकारियों से सीधे संवाद
उप मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, ललितपुर, लखनऊ, अंबेडकरनगर, अलीगढ़, गाजीपुर, पीलीभीत और कौशांबी सहित कई जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने मामलों की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सैकड़ों लोगों ने रखी समस्याएं
जनता दर्शन में करीब तीन दर्जन जिलों से सैकड़ों फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। श्री मौर्य ने न केवल समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता के साथ खड़ी है और हर समस्या का समाधान कर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।