
महाकुंभ 2025: उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्यमंत्री सुरेश राही ने रांची में दिया झारखंडवासियों को आमंत्रण
संवाददाता: गंगेश पाठक
रांची/लखनऊ, 23 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने झारखंड की राजधानी रांची में भव्य रोड शो और प्रेस वार्ता के माध्यम से झारखंडवासियों को महाकुंभ 2025 में शामिल होने का आमंत्रण दिया। यह ऐतिहासिक आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक प्रयागराज के संगम तट पर होगा।
मंत्रीद्वय ने बताया कि महाकुंभ 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दिव्य, भव्य और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने झारखंडवासियों से इस महाआयोजन में भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभव और भारतीय संस्कृति को करीब से जानने का आग्रह किया।
महाकुंभ 2025 में स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत शौचालयों की संख्या बढ़ाई गई है, सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है, और पौधारोपण जैसे पर्यावरण संरक्षण के उपाय किए गए हैं। सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं के तहत अस्पताल की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए स्मार्ट पार्किंग स्थल, पाइपलाइन बिछाने और खोया-पाया केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मंत्रीद्वय ने बताया कि महाकुंभ 2025 का आयोजन न केवल एक धार्मिक उत्सव है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और स्वच्छता का प्रतीक भी बनेगा। झारखंडवासियों ने इस निमंत्रण को उत्साहपूर्वक स्वीकार किया।